|
दिग्विजय के खिलाफ आयोग मे शिकायत |
|
|
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की उज्जैन जिला इकाई के अध्यक्ष अनिल सिंह चंदेल ने कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह पर आरोप लगाया है कि
उन्होंने पिछले दिनों उन पर हमला किया, लेकिन इस घटना की पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज नहीं की गयी, जिसकी शिकायत उन्होंने मानवाधिकार आयोग से की है। श्री चंदेल ने मानवाधिकार आयोग को भेजे पत्र में कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री सिंह का विगत 25 दिसम्बर को एक अन्य गुट द्वारा यहां आयोजित क्षत्रिय महासभा के प्रांतीय अधिवेशन में शामिल होने का विरोघ किया गया था तथा प्रजातांत्रिक तरीके से काले झंडे दिखाये गये थे, लेकिन उन्होंने उन पर इस दौरान हमला किया और देवास गेट पुलिस थाने में तीन दिन बीत जाने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की गयी। उन्होंने श्री सिंह पर आरोप लगाया कि अगर उनके साथी व अन्य लोग उपस्थित नहीं होते तो उनकी हत्या हो सकती थी। देवास गेट पुलिस थाने जाने पर नगर पुलिस अधीक्षक से भेंट की और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की, जिस पर उन्हें पुलिसकर्मी के साथ जिला चिकित्सालय में मेडिकल जांच के लिये भेजा गया, जहां डाक्टरों ने भर्ती कर लिया। उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों में इस घटना को प्रमुखता से फोटो के साथ प्रकाशित किया गया, जिसमें श्री सिंह द्वारा उनका गला दबाते हुए और मारपीट करते हुए दिखाया गया है। उन्होंने आयोग से मांग की है कि श्री सिंह पर वैधानिक कार्यवाही की जाये और उनकी सुरक्षा की जाये।
|