|
आंध्र प्रदेश से अलग तेलंगाना राज्य बनाने की मांग को लेकर तेलंगाना राष्ट्र समिति के चार सांसदों ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.
तेलंगाना राष्ट्र समिति के प्रमुख टी राजशेखर राव ने कहा कि कांग्रेस ने सरकार बनाते समय अलग तेलंगाना राज्य बनाने का आश्वासन दिया था लेकिन उसे पूरा नहीं किया. इस मुद्दे पर सोमवार को पार्टी के सांसदों ने हंगामा किया और उसके बाद अपने पदों से इस्तीफ़ा दे दिया. राव ने यह भी कहा कि आंध्र प्रदेश विधानसभा में पार्टी के 16 विधायक मंगलवार को अपना इस्तीफ़ा दे देंगे. तेलंगाना राष्ट्र समिति ने पिछले साल केंद्र की यूपीए सरकार से समर्थन वापस ले लिया था. राव की पार्टी अलग तेलंगाना के मुद्दे पर ही बनी थी और अलग राज्य की मांग उनकी मूल मांग रही है. उनकी इस मांग का वक्त वक्त पर कुछ पार्टियां अपने हिसाब से समर्थन करते हैं. पिछले एक हफ्ते में पार्टी ने अलग राज्य की मांग की अपनी मुहिम तेज़ कर दी है और जगह जगह सभाएं भी की जा रही हैं. आंध्रप्रदेश में विधानसभा चुनाव आगामी लोकसभा चुनाव के साथ होने हैं. |