|
केवल नक्सलवाद खतरा नहीं-पाटिल |
|
केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल ने कहा है कि देश की सुरक्षा के लिए नक्सलवाद सबसे बड़ा खतरा नहीं है। गृहमंत्री का यह बयान इस संबंध में प्रधानमंत्री के दावे के एकदम विपरीत है।
पाटिल ने एक निजी टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में प्रधानमंत्री द्वारा नक्सलवाद को देश की एकमात्र सबसे बड़ी सुरक्षा चुनौती बताने के दावे के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि मैं ऐसा नहीं मानता।
उन्होंने कहा कि अगर छत्तीसगढ़ और झारखंड को छोड़ दें तो अन्य राज्यों में नक्सलवाद के मोर्चे पर स्थितियाँ सुधरी हैं। इसलिए इस विपत्ति को सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा नहीं कहा जा सकता।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह का मानना है कि नक्सलवाद देश की सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा है। अपने विचारों को सही ठहराने के लिए पाटिल ने वर्ष 2003 से 2007 तक के आँकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि आंध्रप्रदेश में स्थिति सत्तर प्रतिशत तक सुधरी है और बिहार में भी स्थिति पहले से काफी बेहतर हुई है।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद से सबसे ज्यादा छत्तीसगढ़ और झारखंड प्रभावित हुए हैं। इन राज्यों के बाद नक्सलवाद से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य उड़ीसा है। उन्होंने कहा कि कुछ राज्यों में सुधार हुआ है, जबकि अन्य राज्यों स्थिति और खराब हुई है।
|