|
गुरुजी फिर मंत्री पद की शोभा बढायेगे |
|
झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन को फिर केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चा तेज हो गई है। सोरेन को चौथी बार कोयला मंत्रालय की बागडोर मिल सकती है। झामुमो सुप्रीमो को शशिनाथ झा की हत्या के आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी
जिस कारण उन्हें कोयला मंत्री का पद छोड़ना पड़ा था। इसके पहले भी राज्य का मुख्यमंत्री बनने के कारण और फिर चिरुडीह कांड के कारण उन्हें दो बार कोयला मंत्रालय छोड़ना पड़ा था। पिछले दिनों दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा गुरु जी को मामले से बाइज्जत बरी करने के बाद जेल से रिहा होने के साथ ही यह चर्चा शुरू हो गई कि गुरु जी राज्य की राजनीति करेंगे या केंद्र की। पहले तो गुरु जी के मुख्यमंत्री बनाने की चर्चा चली लेकिन उन्होंने खुद इसे खारिज कर दिया। इधर दिल्ली से आ रही सूचना के अनुसार सोरेन को मानसून सत्र के बाद शपथ दिलाए जाने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो गुरु जी एक नया रिकार्ड बनाएंगे। भारतीय राजनीति में शायद यह पहला अवसर होगा, जब किसी को लोकसभा के एक कार्यकाल के दौरान चार बार मंत्री बनाया जाएगा और वह भी एक ही विभाग का। सूत्रों के अनुसार शिबू सोरेन को कोयला मंत्री बनाया जाना लगभग तय है क्योंकि उनके लिए ही यह पद सुरक्षित रखा गया है। |