|
उपराष्ट्रपति शेखावत देंगे संपत्ति का ब्योरा |
|
राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय राजग समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार भैरोसिंह शेखावत अपनी सम्पत्ति का ब्योरा जल्दी सार्वजनिक करेंगे।
शेखावत की प्रवक्ता सुषमा स्वराज ने बताया कि शेखावत के लिए अपनी सम्पत्ति का ब्योरा सार्वजनिक करने की कोई कानूनी बाध्यता नही है और न ही चुनाव आयोग ने ऐसा करने का कोई निर्देश जारी किया है।
उन्होंने कहा कि शेखावत का मानना है कि सार्वजनिक जीवन में स्वच्छता और मतदाताओं को सूचना के अधिकार के नाम पर उन्हें अपनी सम्पत्ति का ब्योरा देना चाहिए।
श्रीमती स्वराज ने कहा कि जब सांसद, विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री, उच्च पदस्थ जनप्रतिनिधियों से यह अपेक्षा की जाने लगी है कि वे अपनी सम्पत्ति का ब्योरा सार्वजनिक करें तो देश में सर्वोच्च पद के लिए चुनाव लड़ने वाले व्यक्ति को भी यह विवरण देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि शेखावत ने अपने चार्टर्ड अकाउंटेंट को अपनी सम्पत्ति का ब्योरा तैयार करने का निर्देश दिया है और जिसके तैयार होते ही अगले दो-चार दिनों के भीतर उसे सार्वजनिक कर दिया जाएगा। श्रीमती स्वराज ने बताया कि इस ब्योरे की प्रतियाँ मीडिया को जारी की जाएँगी और यह शेखावत की वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगा।
यह पूछे जाने पर कि क्या राष्ट्रपति पद के लिए संप्रग उम्मीदवार प्रतिभा पाटिल से भी संपत्ति का ब्योरा माँगेगी, श्रीमती स्वराज ने कहा कि वह इस मंच से ऐसा नहीं करेंगी और न ही उन पर कोई व्यक्त्गित आरोप लगाएँगी पर भाजपा उनसे संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक करने की माँग कर सकती है। |