|
पीएम ने रास चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरा |
|
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने असम से राज्यसभा के चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया।
राज्यसभा में असम के प्रतिनिधि सिंह का कार्यकाल अगले महीने समाप्त हो रहा है। उच्च सदन में चौथे कार्यकाल के लिए उन्होंने नामांकन पत्र भरा है। विधानसभा सचिव के कार्यालय में कांग्रेस उम्मीदवार की हैसियत से अपना नामांकन पत्र भरने आए सिंह के साथ राज्य के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भुवनेश्वर कालिता और केंद्रीय मंत्री संतोष मोहन देव भी थे। राज्यसभा सदस्य की हैसियत से सिंह का मौजूदा कार्यकाल अगले 4 जून को समाप्त होने वाला है। इस सीट के लिए चुनाव 24 मई को होगा। उनके साथ ही असम की एक और सीट के लिए चुनाव होगा। उस सीट पर इस समय भाजपा के इंद्रमणि बोरा काबिज हैं। नामांकन पत्र भरने की अंतिम तिथि 14 मई है और उनकी छंटनी का काम अगले दिन किया जाएगा। नामांकन वापस लेन की तिथि 17 मई है जबकि मतगणना 24 मई को होगी। तीसरे कार्यकाल के लिए 2001 में निर्वाचित होने के बाद सिंह राज्यसभा के नेता चुने गए और दो साल बाद प्रधानमंत्री पद पर आसीन हुए।
|