|
लालुजी जब कहिन सो कहिन सपा, बसपा, भाजपा की बखिया उधेड़ी |
|
|
अपनी नाटकीय शैली के लिए चर्चित रेलमंत्री व राजद सुप्रीमो लालू यादव ने कहा कि केंद्र की सरकार सांप्रदायिक ताकतों को सत्ता से दूर रखने के लिए बनाई गई थी और आज भी सरकार धर्मनिरपेक्षता की ही बुनियाद पर टिकी है
उन्होंने कहाकि सूबे में सपा की सरकार किसी कीमत पर बनने नहीं जा रही, वोटर जागरुक हुए हैं और अब वह माफिया राज से मुक्ति चाहते हैं। अमरोहा से राजद उम्मीदवार के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजद सुप्रीमो ने कहा कि वह हमेशा से ही सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ रहे हैं। इसी सिद्धांत के चलते केंद्र में यूपीए की सरकार बनाने के लिए उनकी पार्टी ने समर्थन दिया। सांप्रदायिक ताकतों को हराने के लिए ही राजद उन स्थानों पर जहां उसके अपने प्रत्याशी नहीं हें वहां कांग्रेस को समर्थन कर रहा है। उन्होंने अपने बीस मिनट के संबोधन में भाजपा, बसपा व सपा की जमकर बखिया उधेड़ी। बोले-जात पात व धर्म की राजनीति करने वाले लोगों को गरीबी, भुखमरी व बेरोजगार से कोई सरोकार नहीं। गरीबों की रोटी, कपड़ा और मकान जैसी आधारभूत जरुरतों की ओर इनका ध्यान नहीं है। इन्हें तो बस भावनाएं भड़का कर वोट हासिल करना आता है। बोले-मैं किसी रईस खानदान का चिराग नहीं, मैं भी आप ही के बीच से निकलकर, भैसें चराकर बिहार का सीएम बना फिर मेरी बीबी सीएम बनी और आज मैं रेलमंत्री हूं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र है जिसे आप चाहेंगे वो सरकार बनाएगा, आपको भी राजनीति में आने का और मंत्री बनने का हक है, सियासत किसी के बाप की बपौती नहीं कि गरीबों को आगे बढ़ने से रोका जाए। उन्होंने रोटी कपड़ा और मकान का नारा लगाते हुए धर्मनिरपेक्षता के नाम पर वोट मांगे।
www.jagran.com |