|
अभी तो जादू किया है टोना बाकी है: लालू |
|
|
सांसदजी श्री मंत्री लालू प्रसाद यादव ने कहा है कि अभी तो दुनिया ने उनका जादू देखा है, टोनो बाकी है। यह टोना इस बार के रेल बजट में दिखेगा।
उन्होंने कहा कि मैनेजमेंट पढ़ने लोग अमरीका जाते थे अब हावर्ड के छात्र उनसे प्रबंध के गुर सीखने आते हैं। उन्होंने कहा कि रेल के संसाधनों और बेहतर प्रबंध के बदौलत इस साल रेल का मुनाफा 20 हजार करोड़ तक पहुंचायेंगे। रेल मंत्री मंगलवार को कुशीनगर जनपद के छितौनी कस्बे में पनियहवा-तमकुही रोड नई रेल लाइन के शिलान्यास के बाद जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने रिमोट के जरिए कप्तानगंज और तमकुही राज में कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केन्द्र की शुरुआत की। साथ ही उन्होंने पडरौना स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज और स्टेशन नवीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया। सभा में बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग लालू को सुनने आये थे। अपने चुटीले अंदाज में हंसते हंसाते लालू ने रेल की उपलब्धियों को विस्तार से बताया और विरोधी राजनीतिक दलों पर टिप्पणियां भी की। उन्होंने कहा कि जब वे मंत्री बने तो रेल घाटे में थी। डेढ़ साल के भीतर ही 13 हजार करोड़ के मुनाफे में हो गयी। यह सब बगैर भाड़ा बढ़ाये और जनता पर बोझ डाले बगैर हुआ। पूर्ववर्ती राजग सरकार में बनी राकेश मोहन कमेटी ने भविष्यवाणी कर दी थी कि यदि रेल की यही हालत रही तो अगले 50 वर्षो में इसका दिवाला पिट जाएगा। हमने कहा रेलवे जर्सी गाय की तरह है दुहेंगे नहीं तो थनइल की बीमारी हो जाएगी। जादू यह हुआ कि रेलवे के संसाधनों का पूरा दोहन किया गया। खर्चे घटाए गये और रेल फिर पटरी पर चल निकली। उन्होंने कहा कि बिहार की तरह पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी पिछड़ापन है। इसकी बराबर उपेक्षा हुई है। हमारा संकल्प है कि हम पिछड़े क्षेत्र में रेल अवश्य पहुंचायेंगे। उन्होंने कहा कि पनियहवा-तमकुही रोड रेल लाइन के बन जाने से इस क्षेत्र का पिछड़ापन दूर होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में जनता की इच्छा के अनुरूप कुशीनगर जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी रेल लाइन जाएगी। उन्होंने कहा कि उनका सिर्फ शिलान्यास में भरोसा नहीं है पनियहवा से छितौनी तक रेल लाइन के लिए मिट्टी का कार्य एक सप्ताह में शुरू हो जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक और बिहार के धनहा विधान सभा क्षेत्र के विधायक राजेश सिंह ने रेल मंत्री को इस पिछड़े क्षेत्र में रेल परियोजना लाने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने रेल मंत्री से कुशीनगर को भी रेल लाइन से जोड़ने का अनुरोध किया। सभा में सेवरही के विधायक डा.पी.के.राय, नौरंगिया के विधायक पूर्णमासी देहाती, रामकोला के विधायक राधेश्याम सिंह ने भी रेल परियोजना के लिए लालू को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक सुखबीर सिंह ने रेल मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने इस रेलवे की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने अगले सप्ताह से सभी मेल एक्सप्रेस ट्रेनों को 110 किमी की रफ्तार से चलाने की घोषणा की। समारोह का संचालन रेलवे के सीपीआरओ मनोज कुमार सिंह ने किया।
|