|
गरीबों व दलितों को जमीन मुहैया करवाई जाएगी: सांसद मायावती |
|
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन मायावती ने मंगलवार को समाना में अपनी पार्टी के प्रत्याशी राम कुमार सिंगला के समर्थन में रैली की।
रैली ने जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं में जान फूंकी, वहीं उनके आने से सिंगला के समर्थक भी खासे उत्साहित हैं। मायावती ने कहा कि सत्ता में आने पर पंजाब में भी यूपी पैटर्न पर भूमिहीन गरीबों और दलितों को सरकारी जमीन मुहैया करवाई जाएगी। साथ ही हर घर से एक व्यक्ति को नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बसपा शासनकाल के दौरान यूपी की नुहार ही बदल गई। दलितों को नौकरियों में मिलने वाला आरक्षण कोटा, जो लंबे समय से लंबित था, को बसपा ने सत्ता संभालने के कुछ ही महीनों में पूरा कर दिया। वहीं गरीबों को सरकारी जमीन से तीन-तीन एकड़ के टुकडे़ देकर अपने पैरों पर खड़ा होने के काबिल बनाया। समाज के अलग-अलग वगरें के लिए वेलफेयर कमिशन बनाए। जबकि यूपी में समाजवादी पार्टी की मुलायम सिंह की अध्यक्षता वाली सरकार के शासनकाल में समाज के सभी वर्ग दुखी हैं। वहां दलितों पर अत्याचार बढ़ा है, वहीं व्यापारियों को सेल्स टैक्स, आयकर के अतिरिक्त गुंडा कर भी देना पड़ता है। यदि बसपा पंजाब में भी सत्ता में आती है, तो सबसे पहले आरक्षण के कोटे को भरा जाएगा। उन्होंने कांग्रेस व भाजपा-अकाली को मनुवादी मानसिकता वाली पार्टियां करार दिया। उन्होंने कहा कि ये पार्टियां उद्योगपतियों से करोड़ों-अरबों रुपये चुनावी फंड लेकर जीतने के बाद उनकी सुविधाओं के अनुरूप आर्थिक नीतियां बनाती है न की गरीबों या आम जनता के उत्थान को लेकर। उनकी पार्टी का उद्देश्य समाज में सभी वगरें को समान अधिकार देना है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र कश्यप सहित जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी भी उपस्थित थे।
|