|
ममता का प्रदर्शनः डीएम कार्यालय के समक्ष तृणमूल का प्रदर्शन |
|
सिंगुर से धारा 144 हटाये जाने, किशोरी तापसी मल्लिक के हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार करने तथा किसानों की जबरन दखल की गयी कृषि
जमीन वापस करने की मांग को लेकर शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने जिलाधिकारी विनोद कुमार के कार्यालय के समक्ष धरना व प्रदर्शन किया। सुबह साढ़े 11 बजे के करीब जिला तृणमूल कांग्रेस के नेता तपन दासगुप्ता के नेतृत्व में सिंगुर के सैकड़ों किसान तथा उनके परिवार के सदस्यों ने जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना व प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक असीत पाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की लेकिन उसे देख प्रदर्शनकारियों ने और उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान आंदोलनकारियों तथा पुलिस के बीच थोड़ी झड़प भी हुई। तकरीबन एक घंटे तक चले धरना व प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कानून तोड़ने के अपराध में कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया। इसके बाद यहां से प्रदर्शनकारियों को हटाया गया। श्री दासगुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार सिंगुर में धारा 144 लगाकर वहां के किसानों से जोर जबर्दस्ती जमीन लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जिला पुलिस की निष्क्रियता के कारण अब तक तापसी मल्लिक के हत्यारों को नहीं पकड़ा जा सका है। उन्होंने कहा कि जिले में जहां भी राज्य सरकार कृषि भूमि अधिग्रहण करके उद्योग लगाने की कोशिश करेगी, वहीं हमलोग इसके विरोध में आंदोलन करेंगे। |